इस्लामिक धर्मगुरु जाकिर नाइक के एनजीओ इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) ने शुक्रवार को एक बड़ा खुलासा किया है। आईआरएफ के मुताबिक, उसने राजीव गांधी फाउंडेशन (RGF) को 50 लाख रुपए की डोनेशन दी थी। यह डोनेशन 2011 में दी गई थी।
आरजीएफ ने कहा- लौटा दिया पैसा
वहीं अपने बचाव में आरजीएफ का कहना है कि पैसा उन्हें नहीं बल्कि उनके साथी संगठन राजीव गांधी चैरीटेबल ट्रस्ट (RGCT) को दिया गया था। इसके साथ ही आरजीएफ ने यह भी कहा है कि वह पैसा कुछ महीने पहले ही लौटा भी दिया गया था।
आईआरएफ को नहीं मिले पैसे
वहीं आईआरएफ अपनी बात पर अब भी कायम है कि उसने पैसे आरजीएफ को ही दिए थे और वह किसी चैरेटेबल ट्रस्ट के लिए नहीं थे। आईआरएफ का यह भी कहना है कि उन्हें पैसे अबतक वापस भी नहीं मिले हैं।
2011 में दिए थे 50 लाख
इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन के प्रवक्ता ने कहा, ‘हो सकता है कि वह पैसा वापस करने वाले हों लेकिन हमें अबतक पैसा मिला नहीं है।’ प्रवक्ता ने कहा, ‘हम लोगों ने राजीव गांधी फाउंडेशन को 2011 में 50 लाख रुपए दिए थे। हम लोग राजीव गांधी फाउंडेशन जैसे कई एनजीओ को पैसा देते हैं जो लड़कियों को पढ़ाने का काम करते हैं। ये पैसा मेडिकल, सर्जरी जैसी पढ़ाई करने वाली लड़कियों के लिए होता है।'
सोनिया गांधी ने बच्चों के साथ मिलकर बनाया था ट्रस्ट
बता दें कि राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट को सोनिया गांधी, उनके बच्चे राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा द्वारा बनाया गया था। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी इस ट्रस्ट से जुड़े हैं. ये सभी लोग राजीव गांधी फाउंडेशन के ट्रस्टी भी हैं।
गृहमंत्रालय ने संस्था पर विदेश से पैसे लेने पर लगाया था प्रतिबंध
गौरतलब है कि गृहमंत्रालय ने जाकिर नाईक की संस्था पर विदेश से सीधे धन प्राप्त करने पर प्रतिबंध लगा दिया है और गृह मंत्रालय ने आरबीआई से संस्था को किसी तरह का धन जारी करने से पहले उससे अनुमति लेने को कहा है।

Post a Comment